इस बार राजस्थान में राज्यसभा होगा निर्विरोध...?

इस बार राजस्थान में राज्यसभा होगा निर्विरोध...?

जानें क्या है पूरी गणित ...

गर्वित शर्मा

राजस्थान में तीन सीटों पर राज्यसभा चुनाव नजदीक है। 27 फरवरी को चुनाव होना प्रस्तावित है। भाजपा ने अपने दो प्रत्याशियों, चुन्नीलाल गरासिया और मदन राठौड़ के नामों का ऐलान कर चुकी है। वहीं कांग्रेस ने अपने एक प्रत्याशी के नाम का ऐलान किया है जो कि कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी है। हाल ही में सोनिया गांधी ने जयपुर पहुंच अपना नामांकन दाखिल किया है। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की खाली हो रही सीट पर सोनिया चुनाव लड़ेंगी। 

इन तीनों नामों के सामने आने के बाद इस बार चुनाव निर्विरोध होने के आसार नजर आ रहे हैं। दरअसल राजस्थान में चुनाव जीतने के लिए 51 मत चाहिए होते हैं। विधानसभा में भाजपा के पास 115 सीटें हैं तो भाजपा के दोनों प्रत्याशियों को जीत लगभग तय है। लेकिन यदि भाजपा अपने तीसरे प्रत्याशी का ऐलान करती है तो उनके पास महज 13 वोट बचेंगे। जीत के लिए उन्हें 38 वोट ओर चाहिए, जो मुश्किल है। वहीं कांग्रेस के पास 70 विधायक हैं। इस में सोनिया की जीत भी तय है। यदि कांग्रेस एक ओर प्रत्याशी को मैदान में उतरती है तो उनके पास महज 19 वोट बचते हैं जो काफी कम हैं। 

यह पहली बार नहीं है, राजस्थान में पहले भी निर्विरोध राज्यसभा चुनाव हो चुके हैं। अब 20 फरवरी को नाम वापसी की आखरी तारीख है। ऐसे में उम्मीद है इस बार चुनाव निर्विरोध ही होगा और 27 फरवरी को मतदान की नोहबत नहीं आएगी।